नोएडा (संवाद)। सेक्टर-20 थानाक्षेत्र स्थित बैंक की शाखा की छत पर रखे एयर कंडीशनर के आउटर यूनिट में लगे तांबे के तार चोरी हो गए। चोरों ने दो रात में कुल पांच आउटर यूनिट के तांबे के तार और कूलिंग कॉइल निकाल लिए। चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है। इंडियन बैंक सेक्टर-31 शाखा की सहायक प्रबंधक श्वेता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दो अगस्त से चार अगस्त की रात अज्ञात चोरों ने शाखा की छत पर रखे एसी आउटर यूनिट के तांबे के तार और कूलिंग कॉइल निकाल लिए। सेक्टर-20 थाना प्रभारी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर, पुलिस मामले की जांच कर रही है।