नोएडा। सेक्टर-10 की जेजे कॉलोनी में सोमवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर चाकू से कई वार कर दिए गए। जेजे कॉलोनी निवासी किशनपाल के मुताबिक उनका 27 वर्षीय बेटा रामू 16 अगस्त की रात खाना लेने के लिए सेक्टर-10 स्थित एक होटल गया था। होटल के पास शराब ठेके के नजदीक उसकी मुलाकात अभिषेक से हो गई। दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि अभिषेक ने पुरानी बात को लेकर रामू पर चाकू से हमला कर दिया। सूचना मिलने पर परिवार और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा घायल को अस्पताल पहुंचाया। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ला ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया गया है।