नोएडा (संवाद)। नोएडा सिटी सेंटर कट के पास स्कूटी सवार 27 वर्षीय दानिश पर अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसे लहूलुहान कर उसकी स्कूटी में भी तोड़फोड़ की। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घायल दानिश को परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया। मोरना सेक्टर-35 निवासी शेरुदीन ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को दानिश को मरहम-पट्टी के काम के लिए अज्ञात नंबर से लगातार फोन आ रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे घेरकर लाठी-डंडों से हमला किया। दानिश के सिर में गंभीर चोट आई है। पिता की शिकायत पर सेक्टर-39 थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी डी पी शुक्ला ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।