नोएडा। सोरखा गांव में घर के सामने शराब पीने और हंगामा करने का विरोध करना एक दंपती को भारी पड़ गया। पीड़िता की शिकायत पर थाना सेक्टर-113 पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। सोरखा गांव निवासी रेखा उपाध्याय पेशे से अधिवक्ता हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे सतेंद्र, विकास और उनके दो साथी घर के सामने बैठकर शराब पी रहे थे। इस दौरान चारों शोर-शराबा करने के साथ अभद्रता भी कर रहे थे। रेखा के पति शिव कुमार ने उन्हें वहां से हटकर दूसरी जगह जाने को कहा। इस पर आरोपी भड़क गए और शिव कुमार के साथ मारपीट शुरू कर दी। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए फुटेज खंगाली जा रही है।