ग्रेटर नोएडा। तिलपता में एक ट्रक की टक्कर से ई-रिक्शा सवार दिव्यांग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने मामले में बृहस्पतिवार को पति की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस को दी गई शिकायत में तिलपता करनवास निवासी संत कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी दीपा दिव्यांग हैं। 13 मई की सुबह वह किसी जरूरी कार्य से जिला न्यायालय गौतमबुद्धनगर जा रही थीं। जैसे ही वह आजाद की मार्केट के सामने पहुंचीं। तभी पीछे से एक ट्रक ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को इलाज के लिए कैलाश अस्पताल ग्रेनो में भर्ती कराया गया है। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। ब्यूरो