माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। फेज-2 औद्योगिक क्षेत्र में एनएसईजेड ट्रैफिक सिग्नल के पास शनिवार सुबह सड़क पार कर रहे एक कंपनीकर्मी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल कर्मी की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मूल रूप से एटा के चिंतापुर निवासी रजनीश कुमार भंगेल में किराये पर रहकर एक निजी कंपनी में काम करते थे। शनिवार सुबह वह दफ्तर जाने के लिए पैदल सड़क पार कर रहे थे, तभी एक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। घायल को पहले यथार्थ और फिर ईएसआई अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के भतीजे मनोज की शिकायत पर यह प्राथमिकी दर्ज हुई है। एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र सिंह ने बताया कि पुलिस सभी तथ्यों पर जांच कर रही है।