ग्रेटर नोएडा। गैलेक्सी डायमंड प्लाजा के सामने जाम में फंसे वित्त मंत्रालय के कर्मचारी को दो टप्पेबाजों ने बातों में उलझाकर आईफोन पार कर दिया। सेक्टर-61 स्थित प्रतीक फेडोरा सोसाइटी निवासी सुनील कुमार भारत सरकार के राजस्व विभाग वित्त मंत्रालय में तैनात हैं। वह कार से सेक्टर-61 से टेकजोन-4 की ओर जा रहे थे। गैलेक्सी डायमंड प्लाजा के पास जाम होने के कारण वह यूटर्न पर रुक गए। इसी दौरान एक युवक ने ड्राइवर साइड के शीशे पर हाथ मारा। शीशा खोलने पर दूसरा युवक भी कार के पास आ गया। दोनों युवकों ने कार सही तरीके से चलाने की बात कहते हुए सुनील को बातचीत में उलझाए रखा। इसी दौरान एक आरोपी ने आगे की सीट पर रखा आईफोन चोरी कर लिया। पीड़ित की शिकायत पर बिसरख कोतवाली पुलिस ने सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की है। ब्यूरो