नोएडा। कोतवाली सेक्टर-63 क्षेत्र स्थित एक कंपनी के खाते से 5.99 लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। सेक्टर-63 की एक कंपनी की ओर से दी गई शिकायत में बताया गया है कि 23 जनवरी 2026 की सुबह उसके करंट अकाउंट से ऑनलाइन माध्यम से 5,99,996 रुपये की संदिग्ध निकासी हुई। शिकायत में कंपनी के सेक्टर-63 स्थित पते और करंट अकाउंट का उल्लेख किया गया है। कंपनी ने मामले में कार्रवाई की मांग की थी। एफआईआर के अनुसार ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराने के लिए कंपनी की ओर से ऑनलाइन शिकायत भी की गई थी। शिकायत का प्रकार इंटरनेट बैंकिंग से संबंधित धोखाधड़ी बताया गया है। कोतवाली प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस अब खाते से हुई रकम की निकासी, ऑनलाइन लेनदेन और उससे जुड़े संदिग्धों की जानकारी जुटा रही है। ब्यूरो