नोएडा। सेक्टर-58 थानाक्षेत्र स्थित एक प्रिंटिंग कंपनी ने तीन कंपनियों के प्रबंधन पर 32 लाख रुपये का भुगतान न करने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर 58 स्थित प्रिंटिंग कंपनी में सहायक प्रबंधक के पद पर तैनात हिमांशु सिंह ने शिकायत देते हुए बताया कि उनकी कंपनी पत्रिकाएं, पुस्तकें, समाचार पत्र प्रकाशन का काम करती है। दिल्ली के ओखला स्थित कंपनी ने वर्ष 2022 में उनकी कंपनी से किताबें छपवाने के लिए संपर्क किया। आरोप है कि उन्होंने 14.87 लाख रुपये के भुगतान के ऐवज में 4.27 लाख का चेक दिया था जो कि बाउंस हो गया। ऐसे ही महाराष्ट्र के मुंबई स्थित कंपनी के निदेशक ने वर्ष 2024 के फरवरी माह में पुस्तकें प्रकाशित कराई थीं। उनके दिए हुए चेक भी बाउंस हो गए। पंजाब के मोहाली स्थित एक कंपनी ने वर्ष 2024 में काम कराया लेकिन भुगतान के लिए जो चेक दिए वे बाउंस हो गए। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। ब्यूरो