नोएडा। फेज-1 थाना पुलिस ने सेक्टर-8 से एक महिला को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के पास से एक किलो 250 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को पुलिस टीम सेक्टर-8 में गश्त पर थी। एक खाली प्लॉट में संदिग्ध महिला को रुकने का इशारा किया गया, तो वह भागने लगी। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। आरोपी की पहचान सेक्टर-8 जेजे कॉलोनी निवासी उर्मिला उर्फ पहाड़न के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके बैग से टेप में लिपटा गांजा मिला। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह दिल्ली से गांजा लाकर नोएडा की झुग्गियों और फैक्ट्री क्षेत्रों में पुड़िया बनाकर बेचती थी।