ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क स्थित कॉलेज में परीक्षा देने पहुंचे छात्र की स्कूटी की डिक्की से अज्ञात चोर आठ मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। पीड़ित की तहरीर पर नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस ने सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली है। देवेश उपाध्याय का कहना है कि वह अल्फा-2 में रहते हैं और गलगोटियास कॉलेज में बीटेक के छात्र हैं। 19 मई को एकेटीयू की परीक्षा देने के लिए ग्रेनो स्थित जीएनआईओटी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर गए थे। परीक्षा में प्रवेश से पहले उन्होंने और उनके सात अन्य मित्रों ने अपने-अपने मोबाइल फोन एक स्कूटी की डिक्की में रख दिए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद जब वह वापस लौटे तो देखा कि स्कूटी की डिक्की खुली हुई थी। जांच करने पर पता चला कि डिक्की में रखे सभी आठ मोबाइल फोन गायब थे। वहीं कोतवाली प्रभारी सर्वेश सिंह का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। ब्यूरो