ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित एनएक्स-1 सोसाइटी के पास एक युवक के साथ मारपीट कर वाहन में टक्कर मार दी गई। पीड़ित ने सोमवार को बिसरख कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार गाजियाबाद निवासी अंशू सिंह 12 मार्च की सुबह एनएक्स-वन सोसाइटी से बाहर जा रहे थे। उसी दौरान एक कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। आरोप है कि कार से उतरे युवक ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। कुछ ही देर बाद आरोपी ने एक स्कॉर्पियो कार को मौके पर बुला लिया। जिसे कुणाल नाम का व्यक्ति चला रहा था। आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक ने भी उन्हें टक्कर मार दी । जिससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। कोतवाली प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।