संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के राजतपुर गांव के समीप ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर दो ट्रकों की टक्कर हो गई थी। जिसमें एक ट्रक चालक की मौत हो गई थी। इस मामले में न्यायालय के आदेश पर तीन माह बाद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्रभारी निरीक्षक विजय गुप्ता ने बताया कि जनपद औरैया के हैदरपुर गांव में संजय कुमार परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने न्यायालय के आदेश पर दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उनका भाई प्रभाकर उर्फ बिट्टू मिनी ट्रक चलाता है और 19 मार्च की रात्रि में ट्रक को लेकर ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे से जा रहा था। जब वो बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के राजतपुर गांव के समीप पहुंचा तो ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में घायल की उपचार के दाैरान माैत हो गई थी। घटना की प्राथमिकी बादलपुर कोतवाली में दर्ज करने के लिए मृतक का भाई पहुंचा, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी। पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। न्यायालय के आदेश पर घटना के तीन माह बाद ट्रक नंबर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।