ग्रेटर नोएडा। गांव खेड़ी में एक व्यक्ति के घर में जबरन घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने शनिवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। गांव खेड़ी निवासी पीड़ित जगत सिंह ने पुलिस को दी तहरीर देकर बताया कि वह अपने घर पर दैनिक कार्यों में व्यस्त थे। तभी घर के सामने स्थित फार्म से दो अज्ञात महिलाओं के साथ 6-7 अज्ञात व्यक्ति अचानक उसके घर में घुस आए। पूछने पर आरोपियों ने बताया कि वह एक पागल कुत्ते को ढूंढने आए हैं। पीड़ित ने बिना अनुमति घर में प्रवेश का विरोध किया, लेकिन आरोपी विरोध की परवाह किए बिना अंदर तक घुसते चले गए। विरोध करने पर सभी आरोपी एकजुट होकर मारपीट करने लगे। मारपीट में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं कोतवाली प्रभारी संजय सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो