ग्रेटर नोएडा। कासना थाना क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को पीड़ित पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव मंगरौली जेवर निवासी महिपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा जितेंद्र अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गांव सिरसा कासना में किराये के मकान में रहता था। 17 अगस्त की रात जितेन्द्र अपनी बाइक से लड़पुरा होते हुए अपने चाचा-ससुर के घर जा रहा था। इसी दौरान लड़पुरा पुल के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। प्रभारी निरीक्षक पंकज शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो