नोएडा। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेक्टर-91 स्थित पंचशील बालक इंटर कॉलेज में तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी का उद्घाटन सांसद डॉ. महेश शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस आयोजन का आयोजन किया गया है। 19 जून तक चलने वाली प्रदर्शनी में युवा सशक्तिकरण, महिला एवं गरीब कल्याण, सांस्कृतिक विरासत, आधारभूत संरचना, औद्योगिक विकास, आंतरिक सुरक्षा और विकसित उत्तर प्रदेश-2047 के विजन से जुड़े विषयों को प्रदर्शित किया गया है। सूचना, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, उद्योग, श्रम और अन्य विभागों ने अपने स्टॉल लगाए हैं। श्रम विभाग ने 25 श्रमिकों का पंजीकरण किया, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने छह आयुष्मान कार्ड बनाए। प्रदर्शनी में ‘सेल्फी विद पीएम’ प्वाइंट लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं विद्यार्थियों के लिए वाद-विवाद प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें सादिया प्रथम, अंशुमान द्वितीय और कृष्ण तृतीय स्थान पर रहे। ब्यूरो