पॉड टैक्सी के लिए जल्द चुनी जाएगी विकासकर्ता कंपनी
प्री-बिड में आई आपत्तियों पर लखनऊ में बैठक, अधिकारियों ने दिखाया सकारात्मक रुख
10 सितंबर तक कंपनियों से टेंडर मांगे गए, दिवाली से पहले टेंडर जारी करके काम शुरू होगा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में जेवर एयरपोर्ट से फिल्म सिटी तक पॉड टैक्सी चलाने की योजना और उसमें आईं आपत्तियों पर सोमवार को लखनऊ में सुनवाई की। पॉड टैक्सी के लिए 10 सितंबर तक कंपनियों से टेंडर मांगे गए हैं। दिवाली से पहले टेंडर जारी करके काम शुरू करा दिया जाएगा। साल-2026 तक पॉड टैक्सी चलाने का लक्ष्य है।
प्राधिकरण ने पॉड टैक्सी की विकासकर्ता कंपनी की तलाश के लिए ग्लोबल टेंडर निकाला है। प्री-बिड बैठक में कुछ आपत्तियां आई थीं और उनको दूर करने के लिए शासन स्तर पर सोमवार को बैठक लखनऊ में हुई। इसमें आपत्तियों पर निर्णय लेते हुए कुछ सुझाव के साथ उनको आगे बढ़ाया है। साथ ही आपत्तियां का निराकरण करते हुए 10 सितंबर तक निविदा मांगी गई है। अधिकारियों ने बताया कि बैठक में पॉड टैक्सी को लेकर सकारात्मक रुख अपनाया गया है। यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि प्री-बिड की बैठक में आपत्तियों पर औद्योगिक विकास आयुक्त मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में बैठक हुई है। सितंबर तक टेंडर जारी किया जाएगा। इसके कुछ दिन बाद ही निर्माण शुरू हो जाएगा।
गौरतलब है कि एयरपोर्ट और फिल्म सिटी के बीच चलने वाली पॉड टैक्सी के कॉरिडोर की लंबाई 14.6 किमी होगी। एलिवेटेड कॉरिडोर में 12 स्टेशन बनाए जाएंगे। इसमें एयरपोर्ट, 60 मीटर रोड, 75 मीटर रोड, सेक्टर-32, सेक्टर-29, सेक्टर-33, सेक्टर-28 में दो और सेक्टर-21 में तीन स्टेशन बनेंगे। पॉड टैक्सी 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी। परियोजना को मार्च 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके अलावा परी चौक तक इसे चलाने पर भी तैयारी की जा रही है। इसकी डीपीआर भी बनवाई जा रही है।