नई दिल्ली। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की ओर से चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक हताशा करार दिया। उन्होंने कहा कि सिर्फ संजय सिंह ही नहीं बल्कि खुद आप संयोजक अरविंद केजरीवाल भी देश के विपक्षी राजनीति में अपनी प्रासंगिकता खो चुके हैं और अब वे चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठाकर सुर्खियों में बने रहना चाहते हैं। दिल्ली में आप सरकार की विफलता, भ्रष्टाचार और अराजक कार्यशैली की वजह से जनता ने उन्हें नकार दिया है। छह माह पहले हुए चुनाव में करारी हार के बाद आप नेताओं को न तो जनता को जवाब देने की समझ है और न ही मीडिया का सामना करने की हिम्मत। ऐसे में अब वे अपनी हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़कर ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। ब्यूरो