नई दिल्ली। एम्स की नर्सिंग महिला अधिकारी की शिकायत के बाद कार्डियो थोरोसिस एंड वेसकुलर सर्जरी (सीटीवीएस) के विभागाध्यक्ष को बदल दिया गया है। इस संबंध में एम्स प्रशासन ने शनिवार को ज्ञापन जारी किया। इसके अनुसार सीटीवीएस विभागाध्यक्ष का कार्यभार डॉ. एके बिसोई की जगह डॉ. वी.देवागौरू को अगले आदेश तक के लिए सौंप दिया गया है। दरअसल, एम्स प्रशासन को नर्सिंग अधिकारी और एम्स नर्सेज यूनियन की ओर से 30 सितंबर, चार और सात अक्तूबर को डॉक्टर के खिलाफ शिकायत प्राप्त हुई थी। इसमें डॉक्टर द्वारा महिला नर्सिंग अधिकारी के खिलाफ अभद्र भाषा, गाली-गलौज करने सहित कई दूसरे आरोप लगाए गए थे। यूनियन ने नौ सितंबर को प्रधानमंत्री को भी पत्र लिखकर विभागाध्यक्ष के खिलाफ शिकायत दी थी। ब्यूरो