ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सेक्टर-36 के निवासियों ने विद्यार्थियों और युवाओं की सुविधा के लिए सेक्टर स्थित बरात घर में सार्वजनिक पुस्तकालय एवं अध्ययन केंद्र स्थापित करने की मांग की है। इस संबंध में ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है। आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष अजय भाटी ने बताया कि सेक्टर में बड़ी संख्या में विद्यार्थी और युवा रहते हैं, लेकिन पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सार्वजनिक पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को निजी लाइब्रेरी का सहारा लेना पड़ता है, जहां उन्हें शुल्क देने के साथ आने-जाने में भी समय और धन खर्च करना पड़ता है।