- ग्रामीण कई बार प्रशासन से लगा चुके हैं गुहार
दादरी(संवाद)। छपरौला गांव के पास जीटी रोड पर कांवड़ यात्रा के दौरान बंद किया गया कट अब तक नहीं खोला गया है। इससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम को शिकायत देकर कट खुलवाने की मांग की थी। पंजाब नेशनल बैंक के सामने स्थित यह कट गांव के मुख्य रास्ते और श्मशान घाट को जोड़ता है। ग्रामीणों के मुताबिक, कट बंद होने से स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों, महिलाओं और बुजुर्गों को सड़क पार करने के लिए ग्रिल या डिवाइडर फांदना पड़ता है। इससे हादसे का खतरा बना रहता है। सुरेंद्र, प्रमोद, रामकुमार, विनोद, रमेश और सत्येंद्र कुमार वत्स ने एनएचएआई से कट जल्द खुलवाने की मांग की है।