नोएडा। रेहड़ी पटरी संचालक (आरपीएसडब्ल्यूए) ने जिले में हो रहे व्यावसायिक आवंटनों पर रोक लगाने और इनकी उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम किशोर गुप्ता ने मुख्यमंत्री समेत वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 27 जुलाई के आदेश में शहरी बाजार के विकास में विधिक प्रक्रिया के पालन पर जोर दिया था। संगठन का आरोप है कि इसके बावजूद नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-62 में एक व्यावसायिक भूखंड आवंटित कर कब्जा दे दिया।श्याम किशोर गुप्ता ने कहा कि ऐसे आवंटन पथ विक्रेता अधिनियम-2014 और नियमावली-2017 के विपरीत हैं। इससे टाउन वेंडिंग कमेटी की भूमिका और पथ विक्रेताओं के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने नए आवंटनों पर रोक लगाने और नियम विरुद्ध आवंटनों को निरस्त करने की मांग की। ब्यूरो