1900 मेगावाट पहुंची मांग, लड़खड़ाई व्यवस्था
-भीषण गर्मी में बिजली कटौती से नहीं मिल रही राहत, लोग बेहाल
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। भीषण गर्मी के बीच बिजली की मांग 1900 मेगावाट तक पहुंच गई है। इससे आपूर्ति की व्यवस्था लड़खड़ा गई है। हालत यह है कि लोकल फॉल्ट और ट्रांसफार्मर फुंकने की वजह से शहर के 30 से अधिक सेक्टरों में उपभोक्ताओं को चार से छह घंटे तक की बिजली कटौती झेलनी पड़ रही है।
फिलहाल शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती में गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। फोनरवा के महासचिव केके जैन ने बताया कि बिजली की समुचित आपूर्ति के लिए शुरू में ही इंतजाम किए जाने चाहिए थे, लेकिन अधिकारियों की निंद्रा अब जाकर टूट रही है।सेक्टर-100 सेंचुरी अपार्टमेंट के लोगों ने कटौती के बीच सोसाइटी के पार्क में सोने का निर्णय लिया है। पार्क में बिस्तर लगाने भी शुरू कर दिए हैं। यहां आरडब्ल्यूए के महासचिव पवन यादव ने बताया कि अब उन्हें विद्युत निगम की के आश्वासन पर भरोसा नहीं है।इधर विद्युत निगम के अधिकारियों के अनुसार जिले में 4 ट्रॉली ट्रांसफार्मरों की जगह 14 की स्वीकृति दे दी गई है। हालांकि अभी तक एक भी ट्रॉली ट्रांसफार्मर जिले को नहीं मिला है।
बिजली गुल हो तो यहां करें फोन :
बिजली कटौती की समस्या को तुरंत निदान करने के लिए विभाग ने स्थानीय कंट्रोल रूम भी सेक्टर-18 में शुरू किया है। केंद्रीयकृत हेल्पलाइन नंबर 1912 के अलावा उपभोक्ता निगम के स्थानीय कंट्रोल रूम 0120-2970431 पर कॉल कर शिकायत कर सकते हैं।
बिजली विभाग के दावे, जो नहीं हुए पूरे :
-दो मोबाइन वैन से फॉल्टों को दुरुस्त करना।
-दो फॉल्ट लोकेटर मशीन से लाइनों को तत्काल ठीक करना।
-बिजली फीडरों को दो लाइनों से जोड़ने का कार्य करना।
-फीडर व ट्रांसफार्मरों पर लोड को बैलेंस बनाना।
-जर्जर बिजली ढांचे की मरम्मत करना।
बिजली लाइनों में लोकल फॉल्ट होने की वजह से कटौती हो रही है। तत्काल प्रभाव से समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। भीषण गर्मी में भी सभी अभियंता और कर्मी दिन-रात कार्य कर रहे हैं।
-संजीव कुमार वैश्य, अधीक्षण अभियंता, प्रथम, विद्युत निगम