ग्रेटर नोएडा (संवाद)। भारी वाहनों की आवाजाही वाले मार्गों पर ऑटो संचालन को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। लाल कुआं से सिकंदराबाद तक एनएच-91 पर ट्रक, बस और मालवाहक वाहनों का भारी दबाव होने के बावजूद बड़ी संख्या में ऑटो भी चल रहे हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस रूट पर करीब दो से तीन हजार ऑटो चल रहे हैं, जो गाजियाबाद, दादरी और सिकंदराबाद के बीच सवारियां ढोते हैं। सड़क पर ऑटो खड़े करके सवारियां बैठाने से जाम की स्थिति भी बन रही है। अच्छेजा निवासी सत्यपाल नागर ने मांग की कि इन ऑटो को अन्य संपर्क मार्गों पर स्थानांतरित किया जाए ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके। एआरटीओ (प्रवर्तन) आदित्य नारायण पांडेय ने बताया कि ऑटो के परमिट की जांच की जा रही है। बिना परमिट पाए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।