बाजार खोलने के लिए व्यापारियों ने किया धरना-प्रदर्शन
जेवर। 38 दिन से बंद जेवर बाजार को खुलवाने की मांग को लेकर व्यापारियों ने बृहस्पतिवार को आजाद चौक पर धरना प्रदर्शन किया। साथ ही एक पत्र सांसद को भेजा। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी देर वार्ता के बाद प्रशासन ने नियमों के साथ तीन घंटे बाजार खोलने की अनुमति दी है। वहीं, 21 जून को स्वास्थ्य विभाग के साथ समीक्षा कर समय बढ़ाने पर फैसला लिया जाएगा। कस्बे में लगातार कोरोना मरीज मिल रहे थे। जिस कारण नौ जून को तहसील प्रशासन ने बाजार बंद करा दिया। परेशान व्यापारी कई बार जिला प्रशासन से सीलिंग खोलने की मांग कर चुके थे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। ऐसे में व्यापारियों ने धरना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंचे पूर्व मंडल अध्यक्ष संजीव शर्मा, बॉबी शर्मा, मनोज जैन, सांसद प्रतिनिधि सतपाल तालान, मोनू गर्ग ने व्यापारियों से धरना समाप्त करने की अपील की। जिसके बाद व्यापारियों ने सांसद को पत्र भेजकर आश्वासन की मांग की। संजीव शर्मा ने बताया कि सांसद की उच्च अधिकारियों से वार्ता के बाद बाजार खोलने की सहमति बनी। शाम करीब पांच बजे एसडीएम जेवर संजय मिश्रा, तहसीलदार दुर्गेश सिंह, नगर पंचायत ईओ दिनेश, कोतवाली प्रभारी फिरोज खान पहुंचे और तीन घंटे बाजार खोलने की अनुमति दी। एसडीएम का कहना है कि शुक्रवार को व्यापारी बाजार में साफ-सफाई करने का काम करेंगे। शनिवार और रविवार को बाजार बंद रहेगा। सोमवार से नियमित तीन घंटे बाजार को खोला जाएगा। अगर आगे कोई मरीज नहीं मिलता है तो फिर समीक्षा के बाद समय बढ़ाया जाएगा। बाजार में आने जाने के लिए बैरिकेडिंग को नहीं हटाया जाएगा।