ग्रेटर नोएडा (संवाद)। बोडाकी रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों को परी चौक और कलेक्ट्रेट पहुंचने के लिए सार्वजनिक परिवहन की सुविधा नहीं मिल रही है। यात्रियों को ऑटो, निजी बसों या अन्य निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता है। इसको देखते हुए ग्रामीणों ने ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ से बोडाकी रेलवे स्टेशन से परी चौक और कलेक्ट्रेट के बीच सिटी बस सेवा शुरू करने की मांग की है। बोडाकी गांव निवासी समाजसेवी संजय भाटी ने बताया कि बोडाकी रेलवे स्टेशन पर दिल्ली और अलीगढ़ की ओर से प्रतिदिन करीब 300 से 400 यात्री आते-जाते हैं। इनमें बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं, जो नोएडा और ग्रेटर नोएडा में काम करते हैं। सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें परेशानी होती है।