नोएडा (संवाद)। करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने यमुना प्राधिकरण से सेक्टर-151 स्थित जेपी अमन सोसाइटी की इमारत का स्वतंत्र स्ट्रक्चर ऑडिट कराने की मांग की है। संगठन के प्रतिनिधियों ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार को ज्ञापन सौंपकर भवन की सुरक्षा की निष्पक्ष जांच की अपील की। संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय ने बताया कि सोसाइटी की इमारत के कई हिस्सों से आए दिन प्लास्टर टूटने की घटनाएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते भवन की तकनीकी जांच नहीं कराई गई तो भविष्य में कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है। ज्ञापन में मांग की गई है कि किसी स्वतंत्र और विशेषज्ञ एजेंसी से स्ट्रक्चर ऑडिट कराया जाए, ताकि भवन की वास्तविक स्थिति का पता चल सके। इसके बाद ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर मरम्मत, रखरखाव और अन्य सुरक्षा संबंधी कार्य तय समय सीमा में पूरे किए जाएं।