कैलाश गहलोत पेश करेंगे बजट, 17 मार्च से विधानसभा सत्र
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। विधानसभा का बजट सत्र 17 मार्च से शुरू होगा। मंत्री कैलाश गहलाेत सदन में 21 मार्च को बजट पेश करेंगे। वर्ष 2015 के बाद यह पहली बार होगा कि मनीष सिसोदिया बजट पेश नहीं करेंगे। हालांकि, सीबीआई की गिरफ्त में आने के पहले वे बजट का खाका तैयार कर चुके थे। दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने बताया कि सिसोदिया की गिरफ्तारी से पहले भी गहलोत बजट संबंधी बैठकों का हिस्सा रहे थे। बजट सत्र की शुरुआत उपराज्यपाल वीके सक्सेना के अभिभाषण से शुरू होगी। विभिन्न संगठनों से रायशुमारी के बाद बजट तैयार किया गया है। पिछले बजट की जो योजनाएं पूरी नहीं हो सकी थीं, उन्हें भी बजट में शामिल किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क व व्यापार पर बजट केंद्रित होगा। ब्यूरो