Farmers Protest: ग्रेटर नोएडा में आज किसानों की महापंचायत हो रही है। महापंचायत में शामिल होने आ रहे किसान नेता राकेश टिकैत को टप्पल पुलिस ने रोक लिया है। महापंचायत के मंच से किसानों ने ऐलान किया है कि अगर एक घंटे में राकेश टिकैत नहीं पहुंचे तो किसान नोएडा के दलित प्रेरणा स्थल की तरफ कूच करेंगे।
पुलिस के साथ वार्ता में एक घंटे में जेल में बंद 123 किसानों को रिहा करने का आश्वासन दिया है। बिना शर्त रिहाई का आश्वासन दिया गया है। अगर ऐसा नहीं किया जाता है तो दिल्ली कूच की चेतावनी दी गई है।
महामाया फ्लाइओवर के पास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। जीरो पॉइंट पर पंचायत में दिल्ली की तरफ कूच करने की घोषणा के बाद पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है। महापंचायत से पहले नोएडा महामाया फ्लाइओवर के पास आज किसानों को फिर पुलिस ने रोका है। हंगामे के बीच बस में भरकर ले जाया गया। महापंचायत में शामिल होने के लिए भाकियू राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष गौरव टिकैत ग्रेटर नोएडा पहुंचे हैं।
जानकारी के लिए बता दें कि ग्रेटर नोएडा में धरना स्थल पर किसान अलग-अलग टोली में पहुंच रहे हैं। नोएडा के दलित प्रेरणा स्थल से बलपूर्वक हटाने और गिरफ्तारी के विरोध में यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर महापंचायत के लिए किसानों की भीड़ जुटी है।