मंगलवार का दिन दिल्ली-एनसीआर के लिए भी ऐतिहासिक होगा। कोलकाता से लुधियाना तक बन रहे ईस्टर्न कॉरिडोर से दिल्ली एनसीआर जुड़ जाएगा। कोलकाता के बंदरगाहों से आसानी से माल दिल्ली-एनसीआर में आ जा सकेगा। इससे समय और धन की बचत होगी।
भारतीय रेलवे ने दिल्ली हावड़ा मार्ग की कुछ ट्रेनो की दूरी में बदलाव किया है। दो अगस्त को पूरी-आनंद विहार ट्रेन (ट्रेन नंबर 12815) और जयनगर जंक्शन-नई दिल्ली ट्रेन (ट्रेन नंबर 12561) का संचालन अलीगढ़-दनकौर के बीच तक होगा। वहीं हथिया-आनंद विहार ट्रेन (ट्रेन नंबर 12873) का संचालन टूंडला-दनकौर के बीच तक होगा।
निर्माण कार्य की वजह से दिल्ली हावड़ा रेलमार्ग पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है। मालगाड़ियों पर काफी असर पड़ा है, लेकिन एनटीपीसी दादरी में कोयला लेकर आने वाली मालगाड़ियां प्रभावित नहीं होने दी जा रही हैं। उनको अलग लाइन से एनटीपीसी पहुंचाया जा रहा है। ताकि बिजली उत्पादन प्रभावित नहीं हो सके।
दो अगस्त को दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर आठ घंटे का मेगा ब्लॉक होगा। इस दौरान की छह ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। मेगा ब्लॉक में सभी काम समय से पूरा किया जाएगा। ताकि यात्रियों को दिक्कत नहीं आए। -रणविजय सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर (यातायात एवं व्यापार विकास) डीएफसीसी