सेवानिवृत इंस्पेक्टर के परिवार को जान से मारने की धमकी
- कुख्यात खान मुबारक व जफर सुपारी के नाम से आई कॉल
- इंस्पेक्टर ने पुत्रवधू समेत सात लोगों के खिलाफ दर्ज कराया केस
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। हरियाणा पुलिस के एक सेवानिवृत इंस्पेक्टर, उनके बेटे व पत्नी को कुख्यात गैंगस्टर खान मुबारक और जफर सुपारी के नाम पर जान से मारने की धमकी मेल व फोन दी गई है। सेवानिवृत इंस्पेक्टर ने इस मामले सेक्टर-39 कोतवाली में पुत्रवधू, यूपी के अंबेडकर नगर निवासी कुख्यात खान मुबारक, उसका भाई जफर सुपारी समेत सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
सेवानिवृत इंस्पेक्टर सोनीपत हरियाणा निवासी धर्मवीर सिंह राठी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उन्होंने अपने पुत्र लोकेश की शादी 2019 में एक सोशल साइट के माध्यम से मथुरा निवासी प्रियंका से की थी। प्रियंका ने चीन से एमबीबीएस की पढ़ाई की है। वर्तमान में वह दिल्ली स्थित एक अस्पताल में कार्यरत हैं। आरोप है कि पुत्रवधू प्रियंका ने चीन में पढ़ाई के दौरान सियालकोट पाकिस्तान निवासी एक युवक से भी शादी की थी। उसका एक बच्चा भी है। इस मामले में कोर्ट में सुनवाई चल रही है। वहीं आरोप है कि अब पाकिस्तान के युवक के इशारे पर कुख्यात खान मुबारक और जफर सुपारी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है।
कॉल पर कथित जफर सुपारी नाम का व्यक्ति इंस्पेक्टर और उनके दोनों बेटों को मेरठ ले जाकर गोली मारने की बात कह रहा है। पीड़ित ने खान मुबारक, जफर सुपारी, प्रियंका, बीरी सिंह, लता, वीर बहादुर तथा वीर विष्णु के खिलाफ केस दर्ज कराया है। इधर आरोपी प्रियंका का कहना है कि कुछ विवाद होने के कारण लोकेश व उसने ने अलग रहने का फैसला किया था। उनका पाकिस्तान से कोई लेना देना नहीं है। मामले में एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला घरेलू विवाद का प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।