दादरी। गोरक्षा हिंदू दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष वेद नागर और लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर को इंस्टाग्राम पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। बादलपुर कोतवाली पुलिस ने इंस्टाग्राम अकाउंट धारक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि अच्छेजा गांव निवासी वेद नागर की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। आरोप है कि अच्छेजा निवासी सलमू खान ने तारीक सैफी अच्छेजा नाम से बने इंस्टाग्राम अकाउंट से वीडियो वायरल किया। वीडियो में उसने वेद नागर और नंदकिशोर गुर्जर के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।