तुस्याना भूमि घोटाले के मुख्य आरोपी की मौत
तुस्याना गांव में हुआ था 100 करोड़ से अधिक का घोटाला
तबीयत खराब होने पर अस्पताल में कराया गया था भर्ती
ग्रेटर नोएडा। तुस्याना गांव में 100 करोड़ से अधिक के भूमि घोटाले के मुख्य आरोपी राजेंद्र प्रधान का दिल का दौरा पड़ने से शुक्रवार को निधन हो गया। तबीयत खराब होने पर बृहस्पतिवार रात उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, शुक्रवार को ही प्राधिकरण ने नॉलेज पार्क/तुगलपुर में कृषक भूखंड पर बने कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स के कुछ भाग को सील किया था। तुस्याना गांव में एक कंपनी और पट्टों की जमीन को नियमों के खिलाफ खरीदा और बेचा गया, बाद में उस जमीन का प्राधिकरण से मकौड़ा गांव निवासी राजेंद्र ने अदालत के आदेश पर मुआवजा उठा लिया, साथ ही कृषक भूखंड को तुस्याना की जगह तुगलपुर गांव में एक ही दिन में आवंटन कर दिया गया। यह प्लॉट ग्रीन बेल्ट की जमीन पर उसे आवंटित किया गया। वहां पर कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स बना दिया गया। ब्यूरो