संशोधित...परी चौक से लापता युवक का अलीगढ़ में मिला शव, हत्या का केस
- भांजी के जन्मदिन में बुलाकर ले गए दोस्त के खिलाफ पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा/दनकौर। परी चौक से 20 जुलाई को लापता हुए देवटा गांव निवासी रोहित का शव अलीगढ़ के पिसावा क्षेत्र में मिलने के बाद परिजन ने उसके दोस्त पर ही हत्या का केस दर्ज कराया है। रोहित के भाई ने उसके दोस्त सतेन्द्र उर्फ सत्ते पर हत्या का आरोप लगाया है। बीटा-2 थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देवटा गांव निवासी अनिल भाटी ने बीटा-2 थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा है कि रोहित (30) 20 जुलाई को अपने दोस्त सतेन्द्र के साथ घर से निकला था। रोहित को अपनी भांजी के जन्मदिन में ले जाने की बात कहकर सतेन्द्र अपने साथ ले गया था। इसके बाद रोहित घर वापस नहीं लौटा। पूछताछ करने पर सतेन्द्र ने बताया कि उसने रोहित को रात के समय परी चौक पर छोड़ दिया था। सोमवार को रोहित का शव अलीगढ़ के पिसावा क्षेत्र में नहर से बरामद हुआ है। आरोप है कि रोहित की हत्या कर शव नहर में फेंका गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।