नोएडा (संवाद)। कार्तिक मास की शुरुआत के साथ सेक्टर-33 व सेक्टर 151 स्थित इस्कॉन मंदिर में एक महीने तक चलने वाले दीपदान महोत्सव की तैयारियां पूरी हो गई हैं। रविवार को मंदिर परिसर में दामोदर भवन तैयार किया गया। यहां यशोदा मैयां और भगवान श्रीकृष्ण की मूर्तियां स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। हालांकि आज से मंदिर में श्रद्धालु दीपदान करेंगे। मंदिर के जनसंपर्क अधिकारी एकांतधाम दास ने बताया कि कार्तिक मास में भगवान श्रीकृष्ण के दामोदर स्वरूप की आराधना का विशेष महत्व है। पूरे महीने चलने वाले महोत्सव में रोजाना एक हजार देसी घी के दीपों का दान किया जाएगा। श्रद्धालुओं को मंदिर में निशुल्क दीप उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ मंदिर में प्रतिदिन भजन-कीर्तन भी होगा।