दक्ष अपहरण-हत्याकांड का खुलासा नहीं, दो साल से भटक रहे प्रिंस के परिजन
- निठारी कांड के बाद भी अक्सर सामने आते हैं मासूमों के अपहरण के मामले
- अधिकांश मामलों का हो चुका है खुलासा लेकिन कुछ मामले अभी अनसुलझे
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। निठारी कांड के खुलासे के बाद भी जिले में कई बार बच्चों और किशोरियों के अपहरण हुए। उनके परिजन आज भी उनकी तलाश में भटक रहे हैं। दादरी में अगवा कर मासूम प्रिंस की हत्या के आरोपी अब तक नहीं पकड़े गए।हालांकि पुलिस ऑपरेशन मुस्कान चलाकर लापता हुए कई बच्चों और किशोरियों को उनके परिजन के सुपुर्द करती रही है। पुलिस कमिश्नरेट में एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) बच्चों के लापता होने की सूचना पर लगातार बरामदगी कर रही है।
31 मार्च वर्ष 2021 को दादरी के रेलवे रोड स्थित वेद विहार कालोनी निवासी मुनेंद्र के साढ़े तीन साल के बेटे दक्ष को अगवा करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। दक्ष का शव बुलंदशहर स्थित नहर से बरामद किया गया था। जारचा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी में आरोपी दक्ष को अगवा कर ले जाते हुए कैद हुए थे। लेकिन अब तक पुलिस आरोपियों की की गिरफ्तारी तो दूर पहचान तक नहीं कर पाई है। परिजन लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते रहे हैं।
30 अक्तूबर 2021 को फेज-2 थाना क्षेत्र के नया गांव में रहने वाले संजय पांडे का नौ साल का बेटा प्रिंस पार्क में बैठे पिता से पांच रुपये लेकर चॉकलेट लेने गया था। इसके बाद से प्रिंस घर नहीं लौटा। परिजन उसका फोटो लेकर अब तक भटक रहे हैं। कई बार थाने व पुलिस से बरामदगी की मांग करने के बावजूद कोई पता नहीं चला है।
मां की हत्या के बाद नहीं मिले दो मासूमों के शव
11 सितंबर को सूरजपुर के मलकपुर निवासी हिमांशु ने अपने भाई दीपांशु के साथ मिलकर अपनी पत्नी सीमा व तीन साल के मासूम बेटे की हत्या कर दी थी। आरोपियों ने मां-बेटे के शव नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में फेंक दिए थे। पुलिस ने सीमा का शव बरामद कर लिया लेकिन मासूम बच्चे का शव अब तक बरामद नहीं हुआ है। इसके अलावा 6 सितंबर को दादरी की तोशी विहार कालोनी निवासी आशीष तिवारी ने अपनी पत्नी सरिता और चार साल के बेटे की हत्या कर दी थी। पुलिस ने खुलासा कर सरिता का शव कोट पुल के पास से बरामद कर लिया लेकिन मासूम बच्चे का शव अब तक बरामद नहीं हुआ है।