साईं सृजन पटल की ओर से उर्वशी उनियाल को सम्मानित करते डॉ. केएल तलवाड़।स्रोत-जागरूक पाठक
साईं सृजन पटल ने उर्वशी उनियाल को मारखम ग्रांट के झबरावाला में महिलाओं को डेयरी उद्योग के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया है। सौ से अधिक पशुपालकों को डेयरी उद्योग से जोड़कर उन्हें सशक्त बनाने वाली उनियाल की पहल ने क्षेत्र में एक नई पहचान बनाई है।बृहस्पतिवार को आयोजित एक कार्यक्रम में सांई सृजन पटल के संस्थापक डॉ. केएल तलवाड़ ने उर्वशी उनियाल को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। बताया कि उर्वशी डेयरी उद्योग चलाकर एक सफल महिला उद्यमी के रूप में स्थापित हुईं हैं। बकौल उर्वशी उनकी डेयरी में प्रतिदिन एक हजार लीटर दूध एकत्रित हो जाता है। उससे दही, मक्खन और घी का उत्पादन किया जाता है। एनडीआरआई करनाल से प्रशिक्षित उर्वशी उनियाल का कहना है कि गुणवत्तापूर्ण उत्पाद ही किसी उद्योग की सफलता की आवश्यक शर्त है।