-बिल्डर पर यूपी रेरा की आरसी का करीब 6 करोड़ रुपये है बकाया
-दादरी तहसील की टीम आज कई बिल्डरों के खिलाफ चलाएगी अभियान
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। दादरी तहसील की राजस्व टीम ने सोमवार को फ्यूचर वर्ल्ड बिल्डर से उत्तर प्रदेश भूसंपदा विनियामक प्राधिकरण के रिकवरी सर्टिफिकेट की धनराशि वसूलने की कार्रवाई की। नोएडा और दिल्ली स्थिति कार्यालय पर दबिश भी दी गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। प्रशासन ने बिल्डर को चेतावनी दी है कि अगर पैसा जमा नहीं किया तो वारंट जारी कर गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं मंगलवार को कई अन्य बिल्डरों से वसूली का अभियान चलाया जाएगा।
जिला प्रशासन ने अप्रैल माह में बिल्डरों से यूपी रेरा की आरसी का पैसा वसूलने का अभियान शुरू किया था। तब 101 बिल्डरों से 503 करोड़ रुपये की वसूली करनी थी। दो माह में प्रशासन ने 80 करोड़ से अधिक की वसूली की। सबसे अधिक बकाएदार बिल्डर दादरी तहसील में हैं। सोमवार को दादरी तहसील की राजस्व टीम फ्यूचर वर्ल्ड बिल्डर से आरसी का पैसा वसूलने पहुंची। अफसरों ने बताया कि बिल्डर पर यूपी रेरा की आरसी का करीब छह करोड़ रुपये बकाया है।