- 19 अगस्त को लिए गए थे नमूने, रिपोर्ट के अभाव में मरम्मत पर निर्णय अटका
नोएडा। सेक्टर-71 अंडरपास की सड़क की सतह बराबर न होने की समस्या को लेकर नोएडा प्राधिकरण की ओर से कराई गई जांच की रिपोर्ट 25 दिन बाद भी नहीं आई है। प्राधिकरण ने 19 अगस्त को सेंट्रल रोड रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीआरआरआई) की टीम बुलाकर सड़क के नमूने लिए थे। साथ ही सतह और अंडरपास के ढलान की नाप-जोख भी की गई थी। रिपोर्ट नहीं आने से अंडरपास की मरम्मत को लेकर प्राधिकरण आगे निर्णय नहीं ले पा रहा है। अंडरपास की सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और असमतल सतह होने से वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। नवंबर 2021 में अंडरपास बनाकर यातायात के लिए खोला गया था। ग्रेनो वेस्ट समेत सेक्टर-100 एक्स, 73, 122, सफराबाद, बसई, बहलोलपुर और आसपास के गांवों का यातायात इससे गुजरता है। वर्ष 2024 में अंडरपास की दोनों सड़कों की रिसर्फेसिंग कराई गई थी। अंडरपास की जांच के लिए प्राधिकरण के वर्क सर्किल-6 ने सीआरआरआई से नमूने भरवाए थे। सर्किल प्रभारी वरिष्ठ प्रबंधक अरुण कुमार ने बताया कि अभी रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। ब्यूरो