ग्रेटर नोएडा (संवाद)। दिवाली पर ग्रेटर नोएडा से अलीगढ़, एटा, हाथरस, आगरा, मथुरा समेत अन्य शहरों के लिए जाने वाले यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। परी चौक, जीरो पॉइंट और दादरी बस स्टैंड पर सुबह से ही बसों के इंतजार में यात्रियों की लंबी कतारें लगी रहीं। सुबह 10 बजे के बाद स्थिति और बिगड़ गई, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बसों में सीटें फुल होने के कारण बड़ी संख्या में लोगों को खड़े होकर सफर करना पड़ा। यात्रियों की भारी भीड़ के आगे रोडवेज के इंतजाम नाकाफी साबित हुए। ग्रेटर नोएडा डिपो की एआरएम समीना अंजुम ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए डिपो की सभी बसें रूटों पर उतारी गई हैं और इनका संचालन 24 घंटे किया जा रहा है। जिन मार्गों पर यात्रियों की संख्या अधिक है, वहां अतिरिक्त बसें भी लगाई जा रही हैं ताकि किसी को परेशानी न हो।