यमुना सिटी (संवाद)। नवरात्रि के सातवें दिन बुधवार को मां चामुंडा के मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर में दर्शन करने वालों का तांता लगा रहा। लोग स्नान करके मंदिर पहुंचे और देवी मां के दर्शन करके परिवार के लिए मंगल कामना की। श्रद्धालुओं ने माता के मंदिर में नारियल, चुनरी और प्रसाद चढ़ाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कई भक्तों ने व्रत रखकर विधि-विधान से पूजा की। मंदिर परिसर में पूरे दिन माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।