पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार, दो फरार
- ग्रेनो वेस्ट में चेन लूट की कई वारदात को दे चुका था अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार रात मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश पवन को गिरफ्तार किया है। जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। मुठभेड़ में घायल पवन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी पर लूट व चोरी के 13 मामले दर्ज हैं। आरोप ग्रेनो वेस्ट में चेन लूट की कई वारदात कर चुके हैं।
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा ह्रदेश कठेरिया ने बताया कि पुलिस टीम ग्रेनो वेस्ट के ऐस सिटी गोलचक्कर पर चेकिंग कर रही थी। पुलिस ने स्कूटी सवार तीन युवकों को रुकने का इशारा किया। पुलिस देखकर आरोपियों ने स्कूटी की गति बढ़ा दी। पीछा करने पर स्कूटी असंतुलित होकर पलट गई। मौके से दो आरोपी फरार हो गए, जबकि तीसरे युवक ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों पैर में गोली लगने से अभियुक्त पवन निवासी गांव बढ़पुरा दादरी घायल हो गया। वहीं फरार आरोपियों की पहचान नीशू उर्फ करन निवासी गांव सुनपुरा ग्रेटर नोएडा वेस्ट और शादाब उर्फ सद्दाम निवासी गांव देवली हापुड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने घायल आरोपी के कब्जे से तमंचा व घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक इनामी बदमाश ने अपने साथी सचिन निवासी गांव चिटहेरा दादरी के साथ मिलकर बीते जून माह में निराला एस्पायर सोसाइटी ग्रेटर नोएडा वेस्ट के पास एक महिला से चेन लूट ली थी। इसके अलावा एक युवक से अंगूठी व चैन लूट की घटना को अंजाम दिया था। दो दिन पहले ही 26 दिसंबर को मायफेयर रेजीडेंसी के पास एक युवक की चेन लूटी थी कोतवाली प्रभारी ने फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने की बात कही है।