परिजनों की लापरवाही से चार साल की बच्ची सेक्टर-22 के एच ब्लॉक स्थित पार्क से लापता हो गई। बृहस्पतिवार शाम को मां ने बच्ची को पार्क में खेलने के लिए अकेले छोड़ दिया था। अंधेरा होने पर बच्ची जब घर नहीं लौटी तो मां उसे तलाशते हुए पार्क में पहुंची, लेकिन वो वहां नहीं मिली।
काफी देर तलाशने के बाद मामले की सूचना सेक्टर-24 पुलिस को दी गई। बच्ची की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस उसे तलाशने में जुटी है। सेक्टर-22 के एच ब्लॉक स्थित सी-23 में संजय रावत परिवार समेत रहते हैं। वह एक प्राइवेट कंपनी में सुपरवाइजर हैं। संजय ने बताया कि रोजाना की तरह बृहस्पतिवार को उनकी चार साल की बेटी को चार बजे के लगभग उसकी मां पार्क में ले गई थी।
कशिश ने उनसे बोला कि वह खेलने के बाद अपने आप घर आ जाएगी। कशिश के इतना कहने पर मां उसे पार्क में ही छोड़ कर चली आई। कशिश जब शाम साढ़े 6 बजे तक वापस घर नहीं आई, तो दोबारा मां पार्क में गई जहां कशिश नहीं मिली। सेक्टर-24 थाना प्रभारी नीरज सिंह के मुताबिक आखिरी बार लोगों ने कशिश को पार्क के पास एक भागवत समारोह में प्रसाद खाते हुए देखा।
उसके बाद वह कहां गई, किसी को नहीं पता। हालांकि परिजनों की तहरीर पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और उसकी तलाश की जा रही है। बृहस्पतिवार देर रात तक पीड़ित परिजन रात के वक्त लाउडस्पीकर से एनाउंस करके बच्ची को तलाश करते रहे।