फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सरकारी नौकरी के नाम पर एक करोड़ का फ्रॉड, छात्रों ने किया हंगामा

Mon, 16 May 2016 02:47 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, नोएडा

सार

  • पीएचडी, इंजीनियरिंग और बीएड किए विद्यार्थी भी बने ठगी का शिकार
  • दो आरोपी गिरफ्तार, संस्था समेत अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का केस
विज्ञापन
नोएडा पब्लिक स्कूल में अधिकारी को पकड़ कर हंगामा करते छात्र - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सरकारी शिक्षक की नौकरी दिलाने के नाम पर पांच हजार से ज्यादा छात्रों से करीब एक करोड़ रुपये की ठगी की गई। सेक्टर-23 स्थित नोएडा पब्लिक स्कूल में रविवार सुबह नौकरी के लिए टेस्ट देने आने पर छात्रों को ठगे जाने का एहसास हुआ।  दरअसल, केंद्र में परीक्षा के लिए 671 सीट  बुक कराई गई। 
विज्ञापन


जबकि हजारों की संख्या में छात्र इंट्रेंस देने पहुंच गए।  ठगी का पता चलने पर उन्होंने परीक्षा केंद्र पर हंगामा किया। सेक्टर-24 थाना पुलिस ने छात्रों की तहरीर पर परीक्षा कराने वाले दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि, डा. सर्वपल्ली राधा कृष्णन नामक संस्था व अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने बताया कि जालसाजों ने सितंबर 2015 में डा. सर्वपल्ली राधा कृष्णन शिक्षा संस्थान के बैनर तले नेशनल ब्यूरो ऑफ प्रोफेसनल टेस्टिंग नाम से एक वेबसाइट तैयार की। इस पर सरकारी शिक्षक के लिए वैकेंसी निकाली गई। जूनियर, सीनियर और एसोसिएट शिक्षक के तीन पद बनाए गए। इनमें आवेदन करने के लिए प्रत्येक आवेदक से तीनों पदों के लिए बैंक चालान व नेट बैंकिंग के जरिये 450 रुपये लिए गए।
विज्ञापन


आवेदन करने की योग्यता स्नातक रखी गई।  बेरोजगार युवक-युवतियों ने तीनों पदों केलिए एक साथ आवेदन कर दिया। 6 मई 2016 आवेदन की अंतिम तिथि और परीक्षा की तिथि 15 मई रखी गई।  देश के कोने-कोने से बेरोजगार लोगों ने इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन किया। इसके बाद रविवार को एंट्रेंस परीक्षा देने नोएडा पब्लिक स्कूल पहुंच गए।

पीड़ित भूमिका ने बताया कि दो पालियों में परीक्षा के दौरान प्रत्येक पाली में 2100 लोगों को परीक्षा देनी थी। भूमिका ने बताया कि परीक्षा केंद्र बेंगलूरु, दिल्ली, गाजियाबाद, देहरादून, जयपुर आदि शहरों में भी बनाए गए थे। मगर, वहां पूर्व में ही परीक्षा रद्द कर दी गई और सिर्फ नोएडा में ही परीक्षा केंद्र बनाया गया। छात्रों का यह भी आरोप है कि इससे पूर्व भी नौकरी के नाम पर रुपये लेकर परीक्षा नहीं कराई गई।

बड़ी संख्या में दूसरे छात्र भी इनकी ठगी का शिकार हो चुके हैं।  पुलिस का मानना है कि परीक्षा के लिए करीब पांच हजार लोगों ने आवेदन किए। ऐसे में  एक करोड़ से ज्यादा की ठगी का अनुमान है।
विज्ञापन

नोएडा पब्लिक स्कूल में अधिकारी को पकड़ कर हंगामा करते छात्र - फोटो : अमर उजाला
वेबसाइट के जरिये रची पूरी साजिश :
ठगी की पूरी योजना वेबसाइट के माध्यम से रची गई। पीड़ित छात्रों ने बताया कि आवेदन करते समय उन्हें थोड़ा सा भी शक नहीं हुआ कि उनके साथ ठगी की गई है। वेबसाइट पर बताया गया कि पास होने वाले छात्रों की ट्रेनिंग कराई जाएगी। उसके बाद उन्हें सरकारी नौकरी दे दी जाएगी। बेरोजगारों की सूची में पीएचडी से लेकर इंजीनियरिंग और बीएड किए हुए छात्र भी शामिल हैं, जिनसे ठगी की गई।

परीक्षा केंद्र के बाद थाने पर हंगामा :
पीड़ित छात्र परीक्षा केंद्र पर हंगामा करने के बाद सेक्टर-24 थाने पहुंचे। वहां भी जमकर हंगामा किया। छात्रों ने थाना प्रभारी नीरज सिंह को तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद परीक्षा कंडक्ट कराने वाले आरोपी अरुण कुमार सिंह और मोहिनी शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। उसके बाद भी छात्रों का हंगामा जारी रहा। इसके बाद एसपी सिटी दिनेश यादव थाना पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों को न्याय मिलने विश्वास दिलाया । तब जाकर छात्रों का हंगामा शांत हुआ।

सरकारी नौकरी के नाम पर मेरे साथ फ्रॉड हुआ है। वेबसाइट के माध्यम से आवेदन किया, परीक्षा देने पहुंचने पर ठगी का एहसास हुआ। सरकारी नौकरी का सपना टूट गया।- भूमिका, अलीगढ़ निवासी

मुझे विश्वास नहीं हो रहा है कि इस कदर लोग फ्रॉड कर सकते हैं।  सरकारी नौकरी की उम्मीद में रुपये जमा किए और यहां परीक्षा देने पहुंचा।- मनीष कुमार, बिहार निवासी

परीक्षा कराने व वेबसाइट बनाने वाले आरोपी अरुण कुमार सिंह, मोहिनी शर्मा, डा. सर्वपल्ली राधा कृष्णन नामक संस्था के अन्य लोग, नोएडा पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल व अन्य स्टाफ के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। अरुण  और मोहिनी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी के आरोपियों की तलाश की जा रही है।-दिनेश यादव, एसपी सिटी
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें