रणदीप भाटी गैंग के दो गुर्गे गिरफ्तार, तमंचा व कार बरामद
- कहासुनी होने पर दादरी में की थी धर्मी गुर्जर की हत्या, जनवरी से थे वांछित
अमर उजाला ब्यूरो
दादरी। बादलपुर कोतवाली पुलिस ने जीटी रोड स्थित गांव धूममानिकपुर के पास वाहन चेकिंग के दौरान दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया। उनके पास से दो तमंचे और एक कार बरामद हुई है। दोनों बदमाश धर्मी हत्याकांड में वांछित चल रहे थे।
कोतवाली पुलिस को शनिवार रात सिकंदराबाद की ओर से बदमाशों के आने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस ने जीटी रोड पर वाहन चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस को सिकंदराबाद की ओर से एक कार आती हुई दिखाई दी, इस पर पुलिस ने उसको रुकने का इशारा किया। लेकिन बदमाशों ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग करते हुए कार की घेराबंदी कर कार सवार भगत सिंह पुत्र श्यौराज सिंह निवासी समाऊदीनपुर और गौरव पुत्र करतार सिंह निवासी आनंदपुर को दबोच लिया। तलाशी लेने पर दोनों के पास एक-एक तमंचा भी बरामद हुआ है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है।
रणदीप भाटी गैंग के हैं गुर्गे
बादलपुर कोतवाली प्रभारी विनय कुमार का कहना है कि गिरफ्तार किए गए दोनों बदमाश रणदीप भाटी गैंग से जुड़े हैं। 4 जनवरी की रात आमका रोड निवासी धर्मी गुर्जर से कहासुनी होने पर दोनों ने उसे घर से अगवा कर हत्या कर दी थी। मामले में दोनों बदमाश वांछित चल रहे थे। दोनों पर पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उनका आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है।