बुलंदशहर के ध्यानार्थ
-------
इलेक्ट्रिशियन की हत्या में ससुर, साले पर हत्या का केस
नोएडा। सेक्टर-93 श्रमिक कुंज में इलेक्ट्रिशियन संतोष कुमार राघव (31) की हत्या मामले में उसकी पत्नी ने पिता, माता और तीन भाइयों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने संतोष के तीनों सालों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। मूलरूप से बुलंदशहर के छतारी निवासी संतोष ने सात साल पहले श्रमिक कुंज में रहने वाली मंजू से प्रेम विवाह किया था। इससे मंजू के घर वाले नाराज थे। शनिवार की रात को संतोष का शव छत के कुंडे से लटका मिला था। पत्नी व घरवालों ने आत्महत्या मानकर शव को बगैर पुलिस को बताए बुलंदशहर ले गए थे। रविवार सुबह संतोष के चार वर्षीय बेटे ने मां व अन्य लोगों को बताया कि रात में पापा को दो लोगों ने जमकर पीटा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और अंतिम संस्कार कराने के बाद हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया। ब्यूरो