सिक्योरिटी गार्ड के खाते से 39 हजार निकाले
नोएडा। एक सिक्योरिटी गार्ड से आधार नंबर पूछकर खाते से 39 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित गार्ड ने इसकी शिकायत कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस से की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सदरपुर निवासी जितेंद्र सिंह सेक्टर-15ए में सुरक्षा गार्ड है। उसने बताया कि 11 दिसंबर को उन्होंने गूगल पे एप के जरिये दोस्त को 10 हजार रुपये भेजे। दोस्त के खाते में जब 10 हजार नहीं पहुंचा तो कस्टमर केयर से संपर्क किया। वहां से बताया गया कि पांच दिन में पैसे उनके खाते में वापस आ जाएंगे। इसके एक दिन बाद जितेंद्र के मोबाइल पर कॉल आया। कॉलर ने खुद को बैंक कर्मी बताते हुए आधार नंबर की जानकारी मांगी। इसके बाद कॉलर ने ओटीपी का नंबर पूछा। इसके कुछ देर बाद ही उनके खाते से 39 हजार रुपये निकाल लिए। ब्यूरो