आपसी विवाद में महिला से मारपीट
नोएडा। सेक्टर-9 में मंगलवार दोपहर बाद तीन युवकों ने मामूली विवाद में एक महिला के साथ मारपीट की। महिला घर के अंदर चली गई तो आरोपियों ने उस पर पथराव किया। महिला ने इसकी शिकायत कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस से की है। पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-9 झुग्गी में रहने वाली महिला ने बताया कि पड़ोसी हरीश के घर का नाला भर गया था। इससे उसे दिक्कत हो रही थी। उसने अपने बेटे को सोमवार देर शाम हरीश के घर भेजा था। वहां हरीश व दो अन्य लोगों ने मिलकर उसके बेटे की पिटाई कर दी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। आरोप है कि मंगलवार दोपहर बाद हरीश व अन्य लोग समझौते का दबाव बनाने के लिए घर पहुंचे। महिला ने समझौते से मना किया तो उन लोगों ने महिला से छेड़खानी की। इससे घबराकर महिला घर के अंदर भाग गई तो उन लोगों ने पथराव कर दिया। इसमें महिला को मामूली चोटें आई। कोतवाली सेक्टर-20 के प्रभारी निरीक्षक मनोज पंत का कहना है कि यह आपसी विवाद का मामला है।