दिन दहाड़े महिला की हत्या
पलवल। सबसे भीड़ वाले इलाके जवाहर नगर कैप में दिन-दहाड़े घर में घुसकर अज्ञात हमलावरों ने एक महिला की हत्या कर दी। सूचना मिलते ही डीएसपी, कैंप थाना प्रभारी कुलदीप कुमार सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर एफएसएल की टीम को बुला कर जांच शुरू कर दी । बुधवार शाम करीब पांच बजे जवाहर नगर कैंप में अज्ञात हमलावर एक मकान में घुसे और महिला के सिर पर चोट मारकर हत्या कर दी। वारदात के समय मृतका के बच्चों एवं पति पवन का घर न होना बताया गया है। पुलिस पूछताछ में जवाहर नगर कैंप निवासी मृतक कविता के पति पवन ने बताया कि वह दवाइयों की सप्लाई का काम करता है। बुधवार को सुबह वह दिल्ली गया था और बच्चों की छुट्टी थी। पवन ने बताया कि जब वह घर पहुंचा तो घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था, दूसरी साइड के गेट से जब वह घर के अंदर गया तो कमरे से अटैच बने बाथरूम में कविता अचेत पड़ी हुई थी, जिसके सिर पर चोटों के निशान थे। ब्यूरो