सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत
बिसरख में वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत, दूसरा गंभीर
सूरजपुर में युवक को वाहन ने कुचला, शिनाख्त नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। शहर में बुधवार सुबह दो स्थानों पर सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। बिसरख थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर में बाइक सवार दो युवकों में से एक की मौत हो गई। जबकि दूसरे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, नोएडा-दादरी रोड पर देवला के पास बुधवार सड़क पार कर रहा युवक सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। हादसे में युवक की मौत हो गई। पुलिस युवक की पहचान की कोशिश में जुटी है।
ममूरा निवासी राबिन शर्मा और प्रदीप शर्मा सुबह बाइक से लाल कुआं ड्यूटी के लिए निकले थे। गौर सिटी के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी की हादसे में बाइक चला रहे रोबिन शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पीछे बैठे प्रदीप शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। थाना प्रभारी अनिल साही ने बताया कि ट्रक चालक को पकड़ लिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है।
वहीं, दूसरे हादसे में सूरजपुर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि युवक के पास पहचान पत्र न होने से उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। आसपास के थाने व चौकी में फोटो भेजे गए है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जाएगा।